कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र कचनार बगिया में बुधवार शाम को गेहूं की मड़ाई के दौरान एक महिला थ्रेसर की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कचनार मड़ैश निवासी राजपाल की पत्नी रामप्यारी (56) मजदूरी कर परिवार के भरण पोषण करने में सहयोग करती थी। गुरुवार को वह गांव स्थित एक खेत में गेहूं की मड़ाई करवाने के लिए गई थी। ट्रॉली पर खड़े होकर थ्रेसर में मूठ देने के दौरान उसकी साड़ी का पल्लू ब्लेड में फंस जाने से वह थ्रेसर की चपेट में आ गई। साथी मजदूर के चीखने पर चालक ने दौड़ कर थ्रेसर बंद किया। तब तक उसका सिर थ्रेसर में अंदर चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रामप्यारी की मौत पर परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।