उन्नाव जिले में कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला कर्मी की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहर के मोहल्ला एबी नगर दक्षिणी निवासी आरती दीक्षित (50) कानपुर देहात के माती स्थित सीएमओ कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थीं।
मंगलवार सुबह वह लखनऊ काम से जाने के लिए निकली थीं। तभी हुसैन नगर चौराहे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चों में दो लड़के और एक लड़की है। कोतवाल अश्वनी कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक आश्रित के पद पर मिली थी नौकरी
मृतका आरती दीक्षित के पति कमलकांत दीक्षित जिला महिला अस्पताल में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थे। साल 2009 में पति की मौत के बाद आरती को वहीं कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनाती मिली थी। तीन साल पहले ही उनका ट्रांसफर माती सीएमओ कार्यालय हुआ था।