यूपी के चित्रकूट में कई दिनों से तेज धूप के कारण लग रहा था कि सर्दी का मौसम खत्म हो गया लेकिन बुधवार को अचानक बूंदाबांदी के साथ ही सर्द हवाएं चलने से जिले में ठंड बढ़ गई है।जिले में दो दिनों से मौसम में परिवर्तन देखा गया है।
आकाश में बदली छायी हुई हैं। दोपहर को बूंदाबांदी हुई और सर्द हवाएं चलीं । बदली छाई रहने व बूंदाबांदी होने से और बारिश होने की संभावना लगाई जा रही है। जिससे किसान चिंतित हैं कि अधिक बारिश हो गई तो गेहूं छोड़कर अन्य फसलों को नुकसान हो जाएगा। किसान रामलाल त्रिपाठी निवासी बरद्धारा, सुमित कुमार सिंह निवासी भदेदू ने बताया कि हल्की बारिश हुई तो सभी फसलों को फायदा होगा।
यदि तेज बारिश हो गई तो गेहूं छोड़ अन्य फसलों को नुकसान होगा। चित्रकूट। मौसम के बदलते मिजाज का असर फसलों पर पड़ने लगा है। इस परिवर्तन के कारण मसूर, चना, सरसों की फसल में कीट लगने की आशंका बढ़ गई है। बदली छाने व नमी का बढ़ने से मसूर में माहू व चने में फली छेदक व इल्ली कीट का खतरा मंडराने लगा है। जिला कृषि अधिकारी बसंत दुबे ने बताया कि इस मौसम में फसलों को बचाने के लिए एक हेक्टेयर के खेत में 25 किलोग्राम मैलाथियन कीटनाशक डालें ।
इस का प्रयोग सुबह के वक्त करें। जिससे यह ओस में चिपक जाए और खेतों पर अपना पूरा प्रभाव छोड़ सके। चित्रकूट। जिले में दोपहर को मामूली बूंदाबांदी हुई तो किसान खुश हुए लेकिन गेहूं के अलावा अन्य फसल बोने वाले किसान चिंतित रहे। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।