कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां में मंगलवार सुबह लेंटर ढलाई मशीन लगाने के दौरान ठेकेदार हाईटेंशन की चपेट में आने से मौत हो गई।
बिधनू के सैनिक चौराहा गंगापुर कालोनी निवासी 35 वर्षीय मनीष द्विवेदी उर्फ सोनू मकानों में लेंटर ढलाई का ठेका लेकर काम करते थे। परिवार में पत्नी महिमा समेत चार बेटियां हैं। साेनू के पिता अरविंद भी कैंसर की चौथी स्टेज से जूझ रहे हैं। बड़ा भाई दिव्यांग हैं। परिवार में सोनू ही इकलौता कमाने वाला था। परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार सुबह सनिगवां स्थित अन्ना चौराहे के पास तीसरी मंजिल पर छत ढलाई कराने के लिए मशीन लेकर पहुंचे जहां पर ऊपर हाईटेंशन लाइन थी। आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन का खतरा देखते हुए सोनू ने काम करने से मना कर दिया था। भवन मालिक ने उसे बिना काम के मशीन ले जाने से रोक दिया। इसके बाद वह शटरिंग पर चढ़कर मशीन बांधने लगा जिससे वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।