कानपुर। महानगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में हवा के दबाव में अचानक आई कमी की वजह से मौसम बदल गया। जिससे करीब 100 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चली। शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में शाम 6 बजे तक 9 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी 29 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। बारिश और हवा चलने की वजह से अधिकतम तापमान 34 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी तरह रविवार को न्यूनतम तापमान इस सीजन का सबसे अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। स्थानीय चंद्रशेखर आजाद कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्थित मौसम विभाग के अनुसार दिन में 2:30 बजे के करीब महानगर के आसपास का हवा का दबाव 5008. 4 क्यूबिक मीटर था जो शाम को 5 बजे गिरकर मात्र 500 क्यूबिक मीटर रह गया। हवा के दबाव में अचानक आए बदलाव की वजह से मौसम में परिवर्तन आया। मौसम विभाग के निदेशक डॉ नौशाद खान ने बताया कि यह हवा और बारिश गेहूं, खीरा, ककड़ी इन सभी तरह की फसलों के लिए नुकसान दायक है। तेज हवा की वजह से खेत में कटे हुए गेहूं अधिक स्थानों पर उड़ने से किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है।