कानपुर। मैनावती मार्ग, मकड़ीखेड़ा और आसपास के इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बनी हुई है। डीबीएस आजादनगर के बगल से गंगा बैराज जाने वाले मार्ग पर भी पानी भरा है। यहां स्थित हरे कृष्णा सोसाइटी के 70 और सामने की कैलाश निलय सोसाइटी के 47 परिवार गंदे पानी के बीच से आने-जाने को मजबूर हैं। हरे कृष्णा सोसाइटी निवासी श्री कुमार अग्रवाल ने बताया कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है। कार न होने पर घर से बाहर निकलना तक कठिन हो गया है। चौबेपुर और मंधना के ग्रामीण क्षेत्रों से आ रहे पानी के कारण मकड़ीखेड़ा, मैनावती मार्ग समेत आसपास के सात मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के पंप लगातार न चलने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अब पानी काफी कम हो गया है और कुछ स्थानों पर ही जलभराव है। पंप लगातार चलाकर पानी निकाला जा रहा है। (संवाद)