जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव से बीतचीत करते छात्र-छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में अध्ययनरत बीएससी द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होकर कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि यदि परीक्षा परिणाम में सुधार न किया गया तो वह लोग निर्णायक संघर्ष शुरू करेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ककोर स्थित तिरंगा मैदान में एकत्रित हुए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की जानकारी मिलते ही सीओ व दिबियापुर थाने की पुलिस जा पहुंची। छात्रों को समझाया गया, इसके बाद वह जिलाधिकारी के पास जा पहुंचे। छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप अंक नहीं दिए गए हैं।
अगर परीक्षा परिणाम में संशोधन नहीं किया गया, तो हम सभी विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राएं प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होंगे। जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को आश्वासन दिया गया है कि वे कुलपति छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से बात कर पूरा मामला संज्ञान में लेंगे और छात्र-छात्राओं की यथासंभव मदद करेंगे।
इस दौरान पंडित बच्ची लाल द्विवेदी महाविद्यालय, सुमन रानी महाविद्यालय, दर्शन महाविद्यालय, शिव रतन सिंह महाविद्यालय, कौशल किशोर विद्यालय, गया प्रसाद महाविद्यालय श्री सिद्धेश्वर महाराज महाविद्यालय, श्री गुलाब सिंह महाविद्यालय आदि कॉलेजों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।