कानपुर में रीते-रीते से गुजरे मानसूनी सीजन में बारिश ने एकदम पलटी मारी है। माहौल में मौसम प्रणालियां एकदम से एकजुट हो गईं और जमकर बारिश हो रही है। सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने अनुमान जताया है कि बारिश अभी दो दिन और होती रहेगी। जाते मानसून के बीच लगातार हो रही बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। कम बारिश की दुहाई देने वाले लोग अब उसी बारिश उकता गए हैं।
अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया और न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिला दी है। देर रात तक 102 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश का मिजाज अलग-अलग दिखा। कहीं रिमझिम बारिश हुई तो कहीं एकबारगी बहुत तेज बारिश हो गई, जिससे सड़कें लबालब हो गईं।