Farrukhabad UP Nikay Chunav Result 2023: यूपी के फर्रुखाबाद जिले में निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को शिकस्त दी। शमसाबाद व कंपिल नगर पंचायत में सपा ने जीत हासिल की। जानिए कहां किसे जीत मिली और किसे हार का सामना करना पड़ा...
फर्रुखाबाद के कायमगंज में निकाय चुनाव में कायमगंज से निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को शिकस्त दी। वहीं शमसाबाद व कंपिल नगर पंचायत में सपा ने परचम लहराया। निकाय चुनाव की शनिवार को हुई मतगणना में कायमगंज नगरपालिका से अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को हुई मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ शरद गंगवार ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष गुप्ता को 1271 वोट से हरा दिया। डॉ शरद को 7657 वोट, सुभाष गुप्ता को 6386 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के सरवर को 2479 वोट मिले। सपा के देवकीनंदन को 725, बसपा के अभिषेक को 156 वोट मिले।
विज्ञापन
शमसाबाद नगर पंचायत से पूर्व चेयरमैन नदीम फारूकी की पत्नी सपा प्रत्याशी जोया शाह ने भाजपा प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता की पत्नी शैफाली को 2487 वोट से चुनाव हराया। जोया शाह को 8872 वोट जबकि शैफाली को 6385 वोट मिले। कांग्रेस की शीवा परवीन को 843 वोट मिले। एआईएएम की राविया को 446 वोट मिले। बसपा की रीता दुबे को 338, आजाद समाज पार्टी की विट्टन को 115 वोट मिले। सुहेल देव समाज पार्टी की सावित्री को 120 वोट मिले। कंपिल नगर पंचायत से पूर्व चेयरमैन उदयपाल सिंह की मां सपा प्रत्याशी राजवती ने बसपा के अशोक मौर्या को 1441 वोट से चुनाव हरा दिया।
राजवती को 3914 वोट, अशोक मौर्या को 2473 वोट मिले। भाजपा के नवनीत किशोर पांडेय को 1573 वोट मिले। कांग्रेस के देवेंद्र को 37 वोट मिले। आम आदमी पार्टी के अमित को 8 वोट मिले। नवाबगंज नगर पंचायत से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल कुमार ने भाजपा के सर्वेश को 942 वोट से हराया। अनिल कुमार को 2975 वोट मिले, भाजपा के सर्वेश को 2033 वोट मिले। कांग्रेस के धर्मेंद्र को 1369 वोट मिले। आजाद समाज पार्टी के बन्ने खां को 1418 वोट मिले। बसपा के पुष्पेंद्र को 334 व सपा की विनीता को 513 वोट मिले। सुहेल देव समाज पार्टी के अनुज को 33 वोट मिले।
विज्ञापन
हंगामा देख चला पुलिस का डंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष फूट-फूटकर रोए
फर्रुखाबाद में सातनपुर मंडी में मतगणना के दौरान दोपहर बाद बसपा प्रत्याशी के वोट बढ़ाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। इसके बाद जिलाध्यक्ष सहित समर्थक धरने पर बैठ गए। आरओ चोर है और प्रशासन मुुर्दाबाद के नारे लगाए। कुछ देर बाद हंगामा बढ़ने पर पुलिस का डंडा चला। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाकर फूट-फूटकर रोए। नगर पालिका फर्रुखाबाद से अध्यक्ष पद पर भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता प्रत्याशी हैं। सातनपुर मंडी में सुबह से मतगणना चल रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे के बाद टेबल नंबर 38 पर भाजपा प्रत्याशी के एजेंट ने बसपा प्रत्याशी के वोट बढ़ाने का आरोप लगाकर विरोध किया। विवाद होता देख भाजपा जिलाध्यक्ष भी आ गए और उन्होंने आरओ सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। इसको लेकर विवाद बढ़ गया।
भाजपा प्रत्याशी के एजेंट व समर्थक एकत्र होकर हंगामा करने लगे। मतगणना बंद कराने की बात कहते हुए प्रशासन मुर्दाबाद, आरओ चोर है आदि नारेबाजी की गई। इसके बाद भाजपाई मतगणना स्थल पर ही धरना देकर बैठ गए। उन्होंने मतगणना बहिष्कार की घोषणा कर दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों से जमकर धक्का-मुक्की हुई। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने भाजपाइयों को समझा बुझाकर शांत किया। कुछ देर बाद फिर विवाद के साथ हंगामा शुरू हो गया।
माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया और कई नेताओं को खदेड़ते हुए लाठियां फटकारीं। इससे वहां भगदड़ मच गई। कुछ मतगणना एजेंटों को पुलिस ने पकड़कर जीप से कोतवाली भेज दिया। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता प्रशासन पर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने और भाजपा का सहयोग न करने का आरोप लगाकर समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस द्वारा लाठी चलाए जाने से दुखी जिलाध्यक्ष फूट-फूटकर रोए। धरने में संजीव गुप्ता, अंकित गुप्ता, विश्वास गुप्ता, पियूष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। प्रशासन पर दूसरे पक्ष के प्रत्याशी से रुपये लेने के भी आरोप लगाए गए।
कायमगंज में पौने तीन घंटे देर से शुरू हुई मतगणना
निकाय चुनाव की एक नगरपालिका व 3 नगर पंचायतों की मतगणना शनिवार को आदर्श इंटर कालेज पितौरा में करीब पौने तीन घंटे देर से शुरू हो सकी। सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर एसडीएम संजय सिंह व आरओ व एजेंट प्रत्याशियों ने स्ट्रांग रूम में लगी सील देखी। इसके बाद मतपेटिकाएं निकालकर टेबलों पर पहुंचाई गईं। करीब 9 बजकर 45 मिनट पर वोटों की गिनती शुरू हो सकी। एक घंटे बाद आगे पीछे के रुझान आने शुरू हो गए। मतगणना देरी से शुरू होने का कारण एजेंटों का समय से न पहुंचना बताया जा रहा है।