एक्सप्रेस वे पर खड़े कंटेनर में घुसी कार
- फोटो : amar ujala
दिल्ली से बिहार जा रहे कार चालक को झपकी आने से थाना तिर्वा के फगुहा भट्टा के पास तेज रफ्तार कार कंटेनर ट्रक में जा घुसी। इसमें कार सवार पांच लोगों में दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। यहां गंभीर हालत में तीनों को कानपुर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार सवार एक कंपनी में कर्मचारी हैं।
दिल्ली के न्यू अशोक नगर निवासी अमित (40) पुत्र राम प्रसाद कार किराये पर लगाए थे। वह कार से दिल्ली से शिवांग थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी राजन गिरी (25) पुत्र मास्टर गिरी, कोढिया तख्त भगवान पुर निवासी साधू यादव (45) पुत्र भरतराम, सिवादा नरबेड़ा निवासी आशिक अली (24) पुत्र रोजद्दीन, सीरी मटिया निवासी ताहिर (28) पुत्र अंतिम हाशमी को लेकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे होते हुए बिहार जा रहे थे।
कार सुबह छह बजे जैसे ही थाना तिर्वा के फगुहा भट्टा के पास पहुंची। चालक अमित को झपकी लग गई। इस दौरान तेज रफ्तार कार एक्सप्रेस-वे किनारे खड़े कंटेनर ट्रक में पीछे से घुसी। हादसे में अमित व कार सवार राजन गिरी की मौके पर मौत हो गई जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए।
यूपीडा व पुलिस कर्मियों ने कार में फंसे साधू यादव, आशिक अली व ताहिर को बाहर निकाला। सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पुलिस ने मृत अमित व राजन की जेब से मिले कागजों से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। वहीं गंभीर रूप से घायल आशिक अली, साधू यादव व ताहिर को कानपुर रेफर कर दिया गया।