कानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए प्रस्तावित केंद्रों की सूची में बड़े बदलाव की तैयारी है। जर्जर भवनों, अधिक छात्र आवंटन और मानक से ज्यादा दूरी संबंधी आपत्तियों के आधार पर 13 इंटर कॉलेजों को केंद्रों की सूची से बाहर करने पर सहमति बनी है। बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई जिला केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में बोर्ड की ओर से प्रस्तावित 116 केंद्रों पर आई 93 से अधिक आपत्तियों की समीक्षा की गई। बैठक में जर्जर भवनों वाले विद्यालयों को परीक्षा केंद्र न बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा जिन केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों की तुलना में अधिक परीक्षार्थी आवंटित किए गए थे, वहां से छात्रों को दूसरे विद्यालयों में भेजने पर सहमति बनी। डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आपत्तियों के निस्तारण और समिति के निर्णयों के बाद 123 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की संशोधित सूची उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी गई है। अब परिषद की ओर से अंतिम सूची जारी की जाएगी। संवाद