बीघापुर (उन्नाव)। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के मनोहरा पब्लिक स्कूल के पास शुक्रवार की रात करीब एक बजे रायबरेली से कानपुर जा रही कार घने कोहरे के कारण बेकाबू होकर खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार चकेरी, शिवकटरा निवासी संतोष यादव, कल्याणपुर निवासी सौरभ तिवारी, नवाबगंज गूबा गार्डन निवासी मनोज बाजपेई व केसा कॉलोनी निवासी चंदन यादव घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने गाड़ी रुकवाई। हमराह सिपाहियों की मदद से घायलों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। सीएमएस डॉक्टर प्रमोद कुमार दोहरे ने बताया कि सभी घायलों को गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि घने कोहरे के चलते हादसा हुआ है। संवाद