कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में भांवर के समय दुल्हन घर से लापता हो गई। पिता ने गांव के ही युवक पर बेटी को ले जाने की शंका जताई है। उधर, दुल्हन के लापता होने से बरात को बैंरग लौटना पड़ा। क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को बेटी की शादी थी। बरात का स्वागत होने के बाद सारी रस्में हुई। रविवार तड़के भांवर के समय बेटी को बुलाने गए तो लापता थी। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहलाकर साथ ले जाने का शक जाहिर किया है। वहीं बरात बिना दुल्हन के ही वापस हो गई। बरात कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव से आई थी। कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।