कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की परीक्षा के साथ ही कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) की तारीख टकरा रही है। इस पर विवि के छात्रों ने आपत्ति दर्ज कराई है। विवि से संबद्ध महाविद्यालयों की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 11 नवंबर से शुरू हो रही हैं। विवि ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय प्रतियोगी व प्रवेश परीक्षाओं के शेड्यूल की अनदेखी की है। देश के शीर्ष बिजनेस स्कूलों में प्रवेश के लिए होने वाला कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 30 नवंबर को पहले से घोषित है। यह परीक्षा देशभर के केंद्रों पर होती है जिनमें छात्रों को शहर से बाहर भी जाना पड़ता है। इसके बावजूद विवि ने उसी दिन तीन पालियों में अपनी परीक्षाएं निर्धारित कर दी हैं। छात्रों ने विवि के पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अभी तक संशोधित कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। विवि का कहना है कि तिथियों को जांचकर संशोधन किया जाएगा। (ब्यूरो)