यूपी के कन्नौज में चाचा-भतीजे की एक सड़क हादसे में मौत से घर में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। अंबेडकर नगर निवासी राकेश कश्यप (42) पुत्र मातादीन के पुत्र सोनू की शादी 11 मई को औरैया जनपद के उमरैन निवासी हरीनाम की पुत्री शिवानी के साथ होनी है। तीन मई को तिलक है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
राकेश अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटने के लिए भतीजे सुमित (16) पुत्र पप्पू बाथम के साथ बाइक से निकले थे। मैनपुरी जनपद के भोगांव थानाक्षेत्र के छाछा तिराहे के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इनती तेज थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हेलमेट चकनाचूर हो गया। एक साथ दो मौतों से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव घर पहुंचे। माहौल गमगीन हो गया। लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।