कानपुर। गुजैनी पुलिस ने बीते दिनों जरौली फेाज-टू के बाला जी ज्वैलर्स में चोरी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी का माल भी बरामद हुआ है। पकड़े गए चोरों में गुजैनी गांव निवासी विशाल गुप्ता उर्फ मन्नू बिहारी और गुजैनी के मायापुरम कच्ची बस्ती निवासी करन हैं। इन दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। चोरी का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जरौली फेस-टू के मोहन धाम सोसाइटी गेट के पास स्थित मकान में गोपालपुरम सोसाइटी निवासी गौरव वर्मा की बाला जी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बीते रविवार तड़के चोरों पहले देर रात शटर तोड़ने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। फिर भोर में दोबारा शटर तोड़कर करीब तीन किलो चांदी के गहने ले गए थे। विशाल और करन ने पूछताछ में अजय उर्फ बंटा, विशाल और कल्लू के साथ वारदात की बात कबूली है। विशाल और कल्लू को चकेरी पुलिस ने पहले ही चोरी के आरोप में जेल भेज दिया है। बंटा फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। (संवाद)