कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के पशुपतिनगर में चार दिन पहले सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में मृतक की बेटी ने घटना को संदिग्ध बताते हुए चालक व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीरोड शत्रुघन पार्क निवासी आस्था सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को पिता विनय प्रताप सिंह व उनके दोस्त लेनिन पार्क निवासी जितेंद्र कुमार के साथ कार चालक पीरोड निवासी अनुज शुक्ला को लेकर गए थे। रात 10:30 बजे अशोकनगर निवासी विनोद शुक्ला घर आए। उन्होंने बताया कि पशुपतिनगर में विनय का एक्सिडेंट हो गया और उन्हें हैलट लेकर जा रहे हैं। इसके बाद आस्था ताऊ व परिवार के अन्य लोगों के साथ हैलट पहुंची तो वह मृत मिले। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो जीतेंद्र उर्फ जीतू व चालक अनुज शुक्ला ने मिलकर गाड़ी को किनारे कर दिया था। मौके पर अनुज नहीं मिला तो आस्था ने उसे फोन किया लेकिन बात नहीं हो पाई। जीतू ने बताया कि विनय यशोदानगर में तेहरवीं से लौटकर रहे थे। आस्था ने घटना को संदिग्ध बताया। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही। संवाद