उरई। जिले में दो नए डेंगू के मरीज मिलने के बाद डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 28 पहुंच गई है। डेंगू की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में जाकर निरोधात्मक कार्रवाई की। इसमें एक मामला हरदोई गूजर में और दूसरा बरसेही गांव का है।
बारिश में गंदगी और जलभराव से मच्छरजनित बीमारियों की संख्या में इजाफा हुआ है। हर दूसरे दिन जांच के बाद उरई में डेंगू के मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को जांच के बाद उरई में दो नए डेंगू मरीज मिले हैं। हरदोई गुर्जर निवासी अरुण (28) तथा मधु (9) पुत्री देवेंद्र कुमार निवासी बरसेही कोंच की जांच में डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को कई दिनों से बुखार आ रहा था।
राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में मरीजों की एलाइजा जांच कराई गई तो वहां डेंगू की पुष्टि हुई है। संचारी रोग के नोडल अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक 28 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जहां भी केस मिल रहे हैं, टीम भेजकर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।