सिकंदरा/रसूलाबाद(कानपुर देहात)। सोमवार को हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से अलग-अलग क्षेत्रों में किशोरी समेत दो की मौत हो गई।
दोहरापुर गांव निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र रामआसरे (32) सोमवार को मवेशी चराने गया था। देर शाम अचानक बारिश होने लगी। वह बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। रसधान चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं रसूलाबाद के सिगवानार गांव में रामप्रकाश की पुत्री शिवानी(13) बकरी चराने गई थी। बारिश के दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम जेपी पांडेय व सीओ राजाराम चौधरी ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। एसडीएम ने बताया कि दैवी आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को सहायता दी जाएगी।