कानपुर। रेलवे स्टेशनों के आउटर क्षेत्र में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी और छिनैती करने वाले दो शातिर बदमाशों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। बुधवार तड़के जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन के पास मुरे कंपनी पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे चेकिंग शुरू की। दो युवकों गोविंदनगर निवासी शिवम भौमिक उर्फ भालू और हरियाणा के भिवानी निवासी विक्रम सांसी को पकड़ा। उनके कब्जे से पोको और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया। जांच में पता चला कि शिवम के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और आबकारी अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं। विक्रम को भी रेलवे अपराधों के मामले में पुलिस गिरफ्त कर चुकी है। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर पूछताछ शुरू की है। संवाद