कानपुर। किदवईनगर थानाक्षेत्र के करपात्रीनगर निवासी प्लंबर सुरेश के घर चोरी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया वहां से जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से स्कूटी और चोरी किया सामान बरामद हो गया है। सुरेश के अनुसार, शनिवार रात उनका परिवार खाना खाने के बाद सो गया था। सुबह सोकर जागने पर चोरी का पता चला। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार दो संदिग्ध दिखे थे। दोनों आरोपियों को कंजड़नपुरवा बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज के पास से पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी बजरिया के गीता पार्क के पास रहने वाला सूरज गौतम और लाल इमली के पास रहने वाला सोनू है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सिलिंडर, जेवर और 1600 रुपये बरामद हुए हैं। (संवाद)