कानपुर। बारिश और आंधी ने हैलट में पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो गए। पार्किंग में खड़ी कार पर पेड़ गिरा लेकिन अंदर किसी न होने से अनहोनी बच गई। तार पर पेड़ की डाल गिरने से तार टूट गए। इससे अस्पतालों में घंटों बिजली गुल रही। जनरेटर चला कर इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर वाले स्थानों को बिजली दी जाती रही। देर रात तक अस्पताल में बिजली नहीं आई थी। हैलट में गेट नंबर दो, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी के पास पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो गए। इन्हें हटाकर आवागमन चालू किया गया। बिजली के तार टूटने की वजह से बिजली गुल हो गई। हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि केस्को के अधिकारियों से बात की गई है। जनरेटर चलाकर आपूर्ति क्रिटिकल केयर वाली जगहों को बिजली दी जा रही है। वार्डों में कम बिजली जा पा रही है। जिन वार्डों में बिजली नहीं जा पा रही थी, वहां लोग मोबाइल फोन की टॉर्च से रोशनी किए रहे। ब्यूरो