डेरापुर। जनगणना 2027 के तहत जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार को डेरापुर के गुड़ादेवी श्याम बिहारी महाविद्यालय में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें जनगणना कार्य की प्रक्रिया और निर्धारित जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।तहसीलदार देशराज भारती ने बताया कि प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से 24 अक्तूबर तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। प्रगणकों को फील्ड ट्रेनर अमरनाथ और ललित कुमार प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने जनगणना कार्य में नियुक्त सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत नियुक्त कर्मी लोक सेवक के दायरे में आते हैं। कार्य में लापरवाही बरतने या जिम्मेदारी निभाने से इन्कार करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। (संवाद)