कानपुर। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर मंगलवार को चकेरी सर्किल का चार्ज संभालने जा रहे प्रशिक्षु आईपीएस सुमित सुधाकर रामटेके दोपहर में रामादेवी चौराहे पर जाम पर फंस गए। जाम को खत्म करने के लिए एसीपी खुद सड़क पर उतर गए। एसीपी के जाम में फंसने की सूचना पर चकेरी थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला दलबल के साथ चौराहे पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने चौराहे पर अवैध रूप से सवारियां बैठा रहे रोडवेज बस के चालकों, ऑटो व ई-रिक्शा को चौराहे से हटवाया। एसीपी ने कहा कि चौराहे पर यातायात के दबाव को देखते हुए चारों ओर एक-एक दारोगा की शिफ्टवार तैनाती की जायेगी। साथ ही चौराहों पर लगने वाले अवैध स्टैंड के लिए नगर निगम से वार्ता कर इन्हें 100 मीटर दूर स्थानांतरित कराने की बात कही।