खागा। आए दिन बेटी से मिलने आ रहे उसके मंगेतर को लेकर जब पिता ने विरोध किया, तो घर में कलह मच गई। इसका नतीजा ये हुआ कि गुरुवार सुबह मां और बेटी ने ट्रेन के सामने कूद कर अपनी जान दे दी।
खागा कोतवाली के बहलोलपुर ऐलई गांव निवासी सुरेश रैदास की बेटी पूजा देवी (20) की शादी खखरेरू थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के एक युवक के साथ तय हुई थी।
उनकी सगाई हो चुकी थी। ऐसे में बेटी का मंगेतर आए दिन ऐलई आ जाता था। यह बात सुरेश को पता चली तो उसने पत्नी राजरानी (40) से विरोध किया।
पत्नी ने इस बात की परवाह नहीं की, तो घर में कलह शुरू हो गई। रोजाना हो रहे झगड़े से परेशान राजरानी और पूजा देवी गुरुवार सुबह चुपचाप घर से निकल गईं।
दोनों ने जाकर बड़े भीट बाबा देवस्थान के पास कानपुर-प्रयागराज अप रेलवे लाइन पर एक ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
घटनास्थल पर पड़े मोबाइल से लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, तो सुरेश व गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
इंस्पेक्टर खागा आरके सिंह ने बताया कि बेटी के मंगेतर के घर आने को लेकर दंपति के बीच विवाद हो रहा था। इसी से परेशान होकर मां व बेटी ने जान दे दी।
मां और बेटी को, मंगेतर युवक के आने से कोई परेशानी नहीं थी। जबकि पिता सुरेश इसके खिलाफ था।