कानपुर देहात/रूरा। महालक्ष्मी पूजा को लेकर जिले में शुक्रवार को तैयारियां चलती रहीं। पूजन के लिए लोग बाजार से मिट्टी के हाथी खरीदे। अश्विन मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को होने वाली इस मुख्य पूजा को लेकर श्रद्धालुओं ने विशेष तैयारियां की हैं। अकबरपुर में लोग मिट्टी के हाथी खरीदने के साथ पूजन के लिए अन्य सामग्री लेते नजर आए। वहीं, रूरा नगर में दुर्गा मंदिर के पास लगी बिसातखानों की दुकानों में दुकानदारों ने शुक्रवार को सुबह से ही मिट्टी के हाथियों को अपनी-अपनी दुकानों के सामने सजाकर रखा। दोपहर बाद महालक्ष्मी का व्रत रखने वाली महिलाएं खरीदारी के लिए बाजारों में निकलीं और उन्होंने अपनी जरूरत के हिसाब से हाथी खरीदे। स्टेशन वार्ड निवासी महिला अंजली पाल व आंबेडकर वार्ड निवासी महिला अनुपम त्रिवेदी आदि ने बताया कि बाजार में मिट्टी से बने हाथियों की कीमत 100 रुपये से लेकर 50 रुपये तक थी। महिलाओं ने बताया कि महालक्ष्मी पूजन में मिट्टी के हाथियों का विशेष महत्व माना जाता है। (संवाद)