पुखरायां (कानपुर देहात)। अपनी मांगों को लेकर एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर जाने से क्षेत्र में भी मरीजों व तीमारदारों को परेशानियां उठानी पड़ी। गर्भवती महिलाओं और गंभीर स्थिति के मरीजाें को आवागमन में परेशानी रही। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौधा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां और देवीपुर के एंबुलेंस चालक सोमवार को हड़ताल पर रहे। नतीजतन प्रसूताओं और गंभीर मरीजों को आवागमन के लिए साधन मुहैया नहीं हो पाए। रविवार की रात अस्पतालों में मरीजाें, प्रसूताओं व उनके तीमारदारों का जमावड़ा लगा रहा। प्रसूताओं के साथ आए तीमारदार लंगडे़ेपुर के समरथ सिंह, कछगांव के सुचेंद्र सिंह, प्रह्लादपुर के पुष्पेंद्र कुमार, शेखपुर के नरेश सिंह ने बताया कि 24 घंटे से हो रही बारिश में निजी वाहनों का टोटा रहा। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संचालित एंबुलेंस नदारद रहीं। जिससे जच्चा-बच्चा को घर पहुंचाने में परेशानी हुई। सीएचसी की एएनएम मुन्नीदेवी, पुष्पा देवी, विमला देवी ने बताया कि रविवार की रात 17 एवं सोमवार को छह मरीजों की डिलीवरी करायी गई। सोमवार को आवागमन के साधन न मिलने से मरीजों व तीमारदारों का जमावड़ा लगा रहा।