कानपुर। नौबस्ता में दो और बर्रा थाना क्षेत्र में एक युवक ने मानसिक तनाव में आकर जान दे दी। राजीव विहार निवासी मो. आरिफ (36) बेल्ट कारीगर थे। परिवार में पत्नी बबली, बेटा अली व बेटी अनमता हैं। आरिफ के भाई मो. शादिक ने बताया कि भाई का कामधंधा ठीक चलता था। इसके बाद भी वह किसी बात को लेकर तनाव में थे। मंगलवार शाम बाहर से जहरीला पदार्थ निगल कर आए। पत्नी बबली के सामने गिर गए। हैलट अस्पताल ले गए जहां बुधवार तड़के उनकी मौत हो गई । वहीं, महाराजपुर में मंगलवार शाम धरमपाल (36) ने फंदा लगाकर जान दे दी। मूलरूप से कानपुर देहात के भोगनीपुर जहांगीरापुर सट्टी निवासी धरमपाल बेरोजगार थे। पत्नी विनीता सरसौल पीएचसी में आउट सोर्सिंग कर्मी है। भाई सूरज व धर्मेंद्र ने बताया कि धरमपाल शराब के लिए पत्नी से रुपये मांगते थे। मंगलवार शाम को भी इसी बात पर विवाद हुआ था। विनीता तीनों बच्चों संग बाजार गई तो धरमपाल ने चादर से फंदा लगा लिया। वहीं, बर्रा में काम-धंधा न चलने से परेशान वरुण (33) ने मंगलवार शाम फंदा लगा लिया। वह नयागंज में गल्ले की दलाली करते थे। सभी मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। (संवाद)