कानपुर। शहर के सचेंडी, छावनी और रावतपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में बस कंडक्टर समेत तीन युवकों की जान चली गई। सोनभद्र के थाना म्योरपुर के ग्राम बरवाटोला निवासी अशरफीलाल (42) एक निजी कंपनी के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने का काम करते थे। जीजा सीताराम ने बताया कि बीते डेढ़ महीने से वह लोग अन्य साथियों के साथ सचेंडी में काम कर रहे थे। शुक्रवार रात साला अशरफीलाल काम में लगे ट्रैक्टर पर बैठकर उसे चालू करने लगा। संतुलन बिगड़ने से गिरकर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास एक में स्थित एक निजी अस्पताल के सामने ऑटो की टक्कर से साइकिल सवार गौतम विहार (40) की मौत हो गई। वह एक विद्यालय में बस के कंडक्टर थे। वहीं, छावनी थाना क्षेत्र के बनिया बाजार निवासी मंटू (29) टेंपो चालक था। पत्नी पूनम ने बताया कि शुक्रवार रात घर आने के लिए पति टेंपो खड़ी करके उससे बाहर निकल रहे थे। तभी एक्सीलेटर में उनका पैर फंसने से वह मुंह के बल टकरा गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।