कानपुर। दक्षिण जोन में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए तीन नई पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इससे क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और निगरानी व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। यह चौकियां गोविंदनगर और रेऊना थाना क्षेत्र में होंगी। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार गोविंदनगर में सीटीआई, रेऊना में गिरसी व सेखजनवारा नाम से पुलिस चौकी होगी। इन चौकियों का संचालन शुरू होने के बाद संबंधित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और लोगों को थाने तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। नई चौकियों के शुरू होने से चोरी, लूट, झगड़े और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस विभाग ने चौकियों के लिए आवश्यक संसाधनों और स्टाफ की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीटीआई में दरोगा विक्रांत सिंह, गिरसी में राहुल देव वर्मन और सेखजनवारा में सेतु सिंह को चौकी प्रभारी बनाया गया है। (संवाद)