तालग्राम (कन्नौज)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात घने कोहरे के कारण कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में मेरठ के लावड़ नगर पंचायत के ईओ सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
लखनऊ विकास नगर, कल्यानपुर विहार कॉलोनी निवासी सुधीर सिंह (42) मेरठ के लावड़ नगर पंचायत में चार साल से अधिशासी अधिकारी थे। उनके पास नगर पंचायत शिवाल खास और हर्रा का भी अतिरिक्त चार्ज था। वह मेरठ के थाना मुंडाली, भगवानपुर निवासी लावड़ के स्वच्छ भारत मिशन के टीसी तनुज तोमर (38) और थाना मवाना खुर्द निवासी लिपिक असलम (40) के साथ सोमवार सुबह विभागीय काम से लखनऊ आए थे। रात में सभी कार से वापस मेरठ जा रहे थे। कार असलम चला रहे थे।
रात करीब 11 बजे तालग्राम थाना क्षेत्र में निकवा कट के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया ने एंबुलेंस से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया। यहां तीनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने हादसे की जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गए। ईओ के भाई डॉ. सुधाकर सिंह ने तालग्राम थाने में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाल में असलम पर हुई थी कार्रवाई
सफाई कर्मी से लिपिक के पद पर नगर पंचायत लावड़ में असलम की नियुक्ति हुई थी। धांधली और नियुक्ति की शिकायत पर कमिश्नर ने उसे लिपिक पद से मुक्त कर सफाई कर्मचारी पद पर तैनात करने के आदेश दिए थे।