जसवंतनगर। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला तौर में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिए।
रामा देवी पत्नी हाकिम सिंह बघेल निवासी नगला तौर ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ गांव की रामलीला देखने गई थी। करीब रात 12 बजे जब वह घर लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्सा खुला पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब थे। चोरों ने सोने का डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, आधा तोला की दो सोने की अंगूठियां, 250-250 ग्राम की चांदी की तोड़िया व करधनी चोरी कर ली। कुल तीन लाख कीमत के सभी जेवरात एक बैग में रखकर बक्से में बंद थे। रामा देवी ने बताया कि चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बलरई थाना निरीक्षक दिवाकर सरोज का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। आरोपियों का सुराग लगाकर जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा। संवाद