कानपुर। अनवरगंज पुलिस ने मंगलवार को चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी कुरियाना कुली बाजार निवासी मोहम्मद अलकैब व मोहम्मद जैद और बादशाहीनाका के बूचड़खाना निवासी मुरसलीन उर्फ बादशाह हैं। अनवरगंज थाना प्रभारी अशाेक दुबे ने बताया कि कुलीबाजार निवासी मो. चांद नौ अप्रैल को परिवार समेत उन्नाव गए थे। रविवार को लौटने पर घर के सभी ताले टूटे मिले। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरों ने घर से 80 हजार रुपये के गहने समेत करीब पांच लाख का माल पार कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो अंगूठी, एक जोड़ी बुंदे, तीन जोड़ी पायल, दो हाथ के छपके, 12 छल्ले आदि गहने और 35 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। (संवाद)