कानपुर। सीएम ग्रिड के तहत परेड चौराहा से घंटाघर की ओर 400 मिमी व्यास की फीडरमेन पाइप लाइन बिछाने के बाद अब इसे पुरानी पाइप लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके लिए जल निगम छह अक्तूबर को पूरे दिन काम कराएगा। इस दौरान गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से फूलबाग क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे फूलबाग, बिरहाना रोड, घंटाघर, डिप्टी का पड़ाव समेत करीब 40 मोहल्लों में पानी की सप्लाई ठप रहेगी। करीब पांच लाख की आबादी प्रभावित होने की संभावना है। अधिशासी अभियंता प्रवीन यादव ने बताया कि कार्य पूरा होने तक संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। लोगों को पर्याप्त पानी पहले से भरकर रखने की सलाह दी गई है। वहीं, सीएम ग्रिड के तहत नई सड़क पर भी जल निगम की लाइन शिफ्टिंग का काम जारी है। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही जलापूर्ति प्रभावित है। (संवाद)