कानपुर। बिधनू के गांवों में ग्रामीणों के बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुखार उतरने का नाम नहीं ले रहा और अन्य लोगों में भी तेजी से फैल रहा। रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पलरा और लाल्हेपुर में शिविर लगाया। लाल्हेपुर में सात और पलरा में 16 संदिग्ध मरीजों का रेपिड टेस्ट किया गया। सभी निगेटिव निकले। लाल्हेपुर गांव में औचक निरीक्षण करने पहुंचे एसीएमओ डाॅ. उदय भान सिंह ने दवाओं का निरीक्षण करने साथ जांच उपकरणों को देखा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि बुखार उतरने में चार से पांच दिन लग रहे हैं। वहीं, घाटमपुर के भदरस और पतारा के गांव जहांगीराबाद में जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह और वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशांत कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। संवाद