कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्पेशियलिटी ओपीडी में आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद रोगियों के लिए कुछ दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने बताया कि इस संबंध में योजना बनाई जा रही है। फंड इकट्ठा करके जरूरतमंद रोगियों को कुछ दवाओं की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ओपीडी में सुपर स्पेशलिस्ट और स्पेशलिस्ट रोगियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं। आईएमए की स्पेशलिस्ट ओपीडी परेड स्थित एसोसिएशन के भवन में निशुल्क चलती है। ओपीडी में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण के साथ शरीर के वजन, लंबाई, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बीएमआई और ईसीजी की निशुल्क जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन से जुड़े 45 चिकित्सक ओपीडी में निशुल्क सेवाएं देते हैं। अगर जरूरत होती है तो रोगी की रियायती दर पर जांच करा ली जाती है। ब्यूरो