कानपुर। घरेलू कामकाज और मासूम की देखभाल के लिए अपार्टमेंट में रखी गई नौकरानी और उसकी मां ने घर की अलमारी से लाखों रुपये कीमत के गहने पार कर दिए। नौकरानी और उसकी मां के खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीटी रोड स्थित गुलमोहर एक्सोटिका अपार्टमेंट के फोर्थ फ्लोर निवासी भावना अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि बीते साल सितंबर में सात वर्षीय बेटी की देखभाल और कामकाज के लिए साहबनगर निवासी शिवानी कटियार को नौकरानी के रूप में रखा था। शिवानी ने अपनी मां के साथ मिलकर उनके घर की अलमारी से सोने के दो कंगन और दो अंगूठियां चोरी कर लीं।इसके बाद बीमारी का बहाना बनाकर काम छोड़ दिया। पांच अप्रैल को एक पारिवारिक समारोह में जाने के लिए जब उन्होंने अलमारी से गहने निकालने चाहे तब चोरी का पता चला। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मां-बेटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश की जा रही है। संवाद