दिबियापुर में विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग की स्थिति और अधिशाषी अभियंता अभिषेक यादव
- फोटो : अमर उजाला
सांसद इटावा डॉ. रामशंकर कठेरिया व सांसद कन्नौज सुब्रत पाठक के प्रस्ताव के बाद अब एक बार फिर से औरैया जिले में विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग के फोरलेन किए जाने और दिबियापुर में बाईपास निर्माण की कवायद शुरू की गई है। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता ने संबंधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग बुंदेलखंड में पनवाड़ी से होकर जिला उरई, औरैया, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर एवं लखीमपुर खीरी को जोडने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।
औरैया जिले से सटे उरई एवं दूसरी ओर कन्नौज में यह मार्ग फोर लेन हो चुका है। परंतु औरैया जिले की सीमा के तहत 52.930 किलोमीटर का हिस्सा दो लेन का है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे- बड़े वाहन इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। लंबे समय से इस मार्ग को फोर लेन किए जाने की मांग की जा रही है। वर्ष 2021 में इस मार्ग को फोरलेन किए जाने के लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया था, लेकिन अभी तक मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है।
अप्रैल माह में इटावा सांसद डा.रामशंकर कठेरिया एवं कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक ने औरैया जिले में विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग को फोर लेन किए जाने का प्रस्ताव भेजा है। इटावा सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने दिबियापुर में संकरे नहर पुल के कारण लगने वाले जाम एवं फोरलेन चौड़ीकरण के पर्याप्त चौड़ाई की भूमि उपलब्ध न होने के कारण बाईपास निर्माण का प्रस्ताव भी दिया है।
पिछले महीने पीडब्ल्यूडी कानपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण भी किया था। अब विभाग ने मार्ग चौड़ीकरण एवं दिबियापुर में बाईपास निर्माण का संभावित लागत मूल्य का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव चार चरणों में तैयार किया गया है। बाईपास समेत कुल 54.6 किलोमीटर लंबा फोर लेन मार्ग तैयार होना है। शासन से हरी झंडी मिलते ही फोर लेन एवं बाईपास का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
आपको बताते चलें कि मई 2021 में दिबियापुर में बाईपास निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता ने सैद्धांतिक सहमति दे दी थी। इसके निर्माण पर अनुमानित 834 करोड़ रुपये (फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण, बिजली के खंभों आदि की शिफ्टिंग का कार्य मिलाकर) का खर्च आने की चर्चा है।
चार वर्ष के बजाय छह वर्षों में नहीं हुआ नवीनीकरण
लगभग छह वर्ष पूर्व औरैया जिले के अंतर्गत पडने वाले विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग का दो लेन का हिस्सा पीडब्ल्यूडी विभाग ने बनवाया था। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि नियम यह है कि प्रत्येक चार वर्ष में राजमार्ग का नवीनीकरण हो। परंतु बजट के अभाव में दो वर्ष अतिरिक्त गुजर जाने के बावजूद अभी तक नवीनीकरण नहीं हो पाया है। इससे कई स्थानों पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं।
दो बड़े पुल और 11 छोटे पुल प्रस्तावित
दिबियापुर में बाईपास निर्माण के लिए दिसंबर 2021 में सिंचाईं एवं पीडब्ल्यूडी विभागों ने संयुक्त सर्वे कर एलाइनमेंट के आधार पर खुट्टियां गाडने का काम पूरा किया था। संयुक्त सर्वे में तय हुआ था कि बाईपास बनाने के लिए रेलवे और निचली गंगा नहर पर दो बड़े पुल व अन्य स्थानों पर 11 छोटे पुल बनाने पड़ेंगे।
पोल शिफ्टिंग पर आने वाले खर्च के लिए बिजली विभाग, पेड़ों की शिफ्टिंग पर आने वाले खर्च के लिए वन विभाग, पुल निर्माण पर आने वाले खर्च के लिए ब्रिज कारपोरेशन, फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण पर आने वाले खर्च के लिए जिलाधिकारी कार्यालय को लिखापढ़ी की गई है। फोरलेन निर्माण में लगभग 10 करोड़ प्रति किलोमीटर की लागत आएगी। कानपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय से संस्तुति के बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। -अभिषेक यादव, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी