नहीं पहुंचा गवाह, दूसरे की आईडी से सिम लेने के मामले में सुनवाई टली
बिकरू कांड के बाद चौबेपुर पुलिस ने खुशी दुबे को दूसरे की आईडी से लिए सिम का प्रयोग करने के मामले में भी आरोपी बनाया है। विवेचना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में चल रही है। मामले में वादी समेत कई गवाहों की गवाही बोर्ड के समक्ष हो चुकी है। बचाव पक्ष की तरफ से गवाहों से जिरह भी की जा चुकी है। पूर्व तिथि पर अभियोजन पक्ष के एक अन्य गवाह को तलब किया गया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को गवाह के नहीं आने से सुनवाई नहीं हो सकी है। बोर्ड ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तारीख तय की है।