कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में पंचमापुर नई बस्ती के सामने रविवार सुबह कुरसौली ग्राम प्रधान अमित सिंह के चाचा रामबाबू सिंह (52) का शव नहर में उतराता मिला। परिजनों के अनुसार शनिवार रात वह नींद की कई गोलियां खाने के बाद शराब पीकर लापता हो गए थे। ग्राम प्रधान अमित ने पुलिस को बताया कि चाचा खेती करते थे। परिवार में पत्नी सीमा सिंह से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर के थे। प्रधान ने पुलिस को बताया कि चाचा को नींद कम आती थी इसलिए वह दवा खाते थे। रविवार सुबह आठ बजे उनका शव घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पंचमापुरवा और कुरसौली के बीच नहर में उतराता मिला। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतक की जेब से नींद की गोलियों का एक पूरा पत्ता और एक आधा पत्ता मिला है। जांच की जा रही है। संवाद