चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भरतकूप थाना क्षेत्र के गोड़ा मोड़ के पास ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि साथी अस्पताल में भर्ती है।
भरतकूप थाना क्षेत्र के बगैहा मजरा घुरेटनपुर निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि चचेरे भाई दीनदयाल (30) मंगलवार को बाइक से गांव के ही मइयादीन (32) के साथ भतीजे आशीष की शादी में बांदा जिले के थाना बदौंसा केे महुराई गांव गए थे। रात करीब एक बजे लौटते समय भरतकूप के गोड़ा मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो घायलों को सीएचसी शिवरामपुर में भर्ती कराया। दीनदयाल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घायल मइयादीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक दीनदयाल घुरेटनपुर में कपड़े की दुकान करता था। पत्नी मनीषा देवी एक पुत्र का रो रोकर बुरा हाल है।