फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: ग्राम सभा की जमीन पर मूर्तियां रखने को लेकर दो पक्षों में तनाव

Fri, 25 Sep 2026 01:50 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रूरा। मैथा तहसील के पीतमपुरवा में ग्राम सभा की जमीन पर शिव परिवार की मूर्तियां रखने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। रूरा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत मड़ौली के मजरा पीतमपुरवा में गाटा संख्या 76 में दर्ज करीब पांच बीघा जमीन है। इसी जगह पर बुधवार शाम को कुछ लोगों ने चुपचाप शिव परिवार की मूर्तियां रख दीं। जानकारी होने पर गांव के श्याम सिंह, भारत सिंह, मनीष, शिव प्रसाद व सुरेश सिंह ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवा कर वापस चली गई। इसके बाद बृहस्पतिवार को उक्त लोगों ने मैथा एसडीएम को लिखित में शिकायत देते हुए बताया कि चार वर्ष पहले गांव के कुछ लोगों की ओर से मंदिर की आड़ में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। जिसे रुकवा दिया गया था। इसके बाद दो वर्ष पहले उन्हीं लोगो ने सरकारी भूमि में बरामदा बनवा लिया था। शिकायत के बाद निर्माण रुकवा दिया गया था। बुधवार को उसी बरामदे में शिव परिवार की मूर्तियां रखकर जमीन को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा था। रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि हल्का प्रभारी अनिल कुमार को भेजकर काम रुकवा दिया गया है। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर लेखपाल धर्मेंद्र तिवारी को भेजा गया है। काम को बंद करा दिया गया। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें