कानपुर। रावतपुर की किशोरी का धर्मांतरण कराने के प्रयास के मामले में पुलिस ने सोमवार को किशोरी के कलमबंद बयान दर्ज कराए हैं।
बता दें कि रावतपुर की किशोरी को चमनगंज निवासी युवक अरमान अपने दो साथियों के साथ बीती 21 जून को बेकनगंज स्थित एक मकान में ले गया था। आरोप है कि अरमान व उसके परिजन ने किशोरी को छह दिन तक बंधक बनाकर रखा। उस पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाते हुए यातनाएं भी दीं। किसी तरह शनिवार को चंगुल से छूटी किशोरी ने परिजन के साथ पुलिस को पूरी कहानी बताई। इसके बाद अरमान व उसके परिजन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अरमान के साथियों का भी पता किया जा रहा है। देखा जा रहा है कि कहीं इनके तार धर्मांतरण कराने वाले किसी गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं। मामले में एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल किशोरी के 164 के बयान हो गए हैं। उसने बयान में क्या दर्ज कराया है। अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। अरमान के माता-पिता को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद