फोटो संख्या 20
फोटो संख्या 21
-गिरफ्तारी न होने पर घायल को चारपाई पर लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचे परिजन
-बिरारी गांव की घटना, पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल। आटा चक्की पर गए किशोर को उसके ही गांव के तीन युवकों ने डंडे से पीट दिया। पिटाई के दौरान युवक नाली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी वायरल हो गया। परिजन घायल को चारपाई पर लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंचे। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
क्षेत्र के गांव नगला दलप निवासी श्याम सिंह ने बताया कि उसका पुत्र शिशु पाल सिंह बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे बिरारी गांव में चक्की पर गया था। वहां से आटा लेकर लौट रहा था, तभी, उसके ही गांव के सूरज, साहिल व दीपक वहां बाइक से पहुंचे और बेटे को डंडे से पीट दिया। शिशुपाल नाली में गिर पड़ा उसके सिर में काफी चोटें आई हैं।
चीख-पुकार सुन आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लोगों को देखकर मारपीट करने वाले भाग निकले। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने पिता की तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गुरुवार को घायल शिशुपाल को परिजन चारपाई पर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक भीमसेन पौनिया ने बताया कि मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।