कानपुर। वीएसएसडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बिपिन चंद्र कौशिक को निलंबित करने के विरोध में शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल भी उतर आए हैं। उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को पत्र लिखकर कार्रवाई पर पुनर्विचार करते हुए निलंबन वापस करने की मांग की है। शिक्षक और प्राचार्य पहले से ही निलंबन पर विरोध जता रहे हैं। वीएसएसडी कॉलेज में प्राचार्य और प्रबंधतंत्र के बीच चल रही तनातनी के बीच प्राचार्य के निलंबन का विरोध शुरू हो गया है। प्राचार्य परिषद का कहना है कि बिना पक्ष जाने प्रो. कौशिक को निलंबित करने की कार्रवाई गलत है। कार्रवाई में उचित कारण भी नहीं बताया गया है। शिक्षक विधायक ने कुलपति को पत्र लिखकर जांच समिति पर ही सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्या जांच समिति वैधानिक रूप से बनाई गई है, क्या उसके सभी सदस्य निष्पक्ष व निर्दोष हैं, क्या समिति ने किसी भी प्रकार का आरोप पत्र दिया है, क्या निलंबित प्राचार्य को अपना पक्ष व साक्ष्य रखने का अवसर दिया गया है। शिक्षक विधायक ने कुलपति से पूरे मामले में पुनर्विचार कर कार्रवाई करने की मांग की है। (ब्यूरो)