शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शनिवार को निकली तेज धूप ने बढ़ाई उमस
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शनिवार को निकली धूप ने एक बार फिर से लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। शनिवार को मौसम का मिजाज एकदम से बदला-बदला नजर आया। शुक्रवार तक चल रहीं ठंडी हवाएं शनिवार सुबह से ही सूरज की तपिश से गुम हो गईं।
शनिवार को एक बार फिर से जिले का अधिकतम तापमान 36 के पार पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पर बीते कई दिनों से ठहरा हुआ है। सुबह से ही धूप निकलने से लोग को गर्मी से जूझना पड़ा। लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल पा रही है।
दोपहर बाद धूप के साथ बीच-बीच में कुछ देर के लिए हल्के बादल छाए तो लोगों को बारिश की आस जगी। लेकिन बाद में फिर से तेज धूप हो गई। इससे उमस और बढ़ गई।
वहीं मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडे ने बताया कि रविवार को भी धूप-छांव रहेगी। बारिश की भी संभावना है। जबकि सोमवार को एक बार फिर से बढ़ा हुआ तापमान परेशान करेगा। हालांकि सोमवार के बारिश भी हो सकती हैं।