कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में मंगलवार को नशा मुक्ति जागरूकता व्याख्यान” का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ एनसीसी एयर और आर्मी विंग के कैडेट्स ने हिस्सा लिया। शुभारंभ में फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. अंकित त्रिवेदी (एएनओ, एनसीसी एयर विंग) ने नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाते हुए युवाओं से स्वयं जागरूक रहने का आवाहन किया। मुख्य अतिथि एसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को आत्मसंयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अंशु यादव, डॉ. प्रवीण कटियार, डॉ. मयूरी सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।