शरीर में संक्रमण बढ़ा और छात्र की हालत बिगडने के बाद मौत हो गई। एसपी चारू निगम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की एंटी मार्टम इंजरी नहीं पाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किडनी फेल होना बताया गया है। मारपीट के आरोप व अब तक मिले तथ्यों के आधार पर जांच कराई जा रही है।
डॉक्टरों की सलाह भी ली जा रही है। बीमारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए डॉक्टरों की टीम गठित की गई है, इसके लिए जिलाधिकारी को पत्रचार भी किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
बैशौली निवासी अनुसूचित जाति के छात्र निखित की मौत के मामले में घटना के चार दिन बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक अश्वनी सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी शिक्षक से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी चारू निगम ने बताया कि एसओजी व अछल्दा पुलिस टीम ने सर्विलांस व मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी शिक्षक से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। शिक्षक को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल अछल्दा थाना प्रभारी ललित कुमार, निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, निरीक्षक सत्यप्रकाश, प्रवीण आदि शामिल रहे, जिन्हें 20 हजार रुपये ईनाम दिया गया है।
यह था मामला
बैशौली निवासी राजू दोहरे ने 24 सितंबर को अछल्दा थाने में एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि बेटा निखित (16) आदर्श इंटर कॉलेज अछल्दा में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप लगाया था कि बेटे निखित को सात सितंबर को आदर्श इंटर कॉलेज के सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अश्वनी सिंह ने बुरी तरह से पीटा।
इसके बाद हालत बिगड़ गई। शिक्षक द्वारा इलाज के लिए रुपये देने का आश्वासन दिया गया। पहले 10 हजार और कुछ दिन बाद 30 हजार रुपये दिए गए। आराम न मिलने पर जब इलाज के लिए रुपये मांगे, तो शिक्षक ने गाली गलौज कर धमकी दी। एसपी के आदेश पर अछल्दा थाने में जानलेवा हमले, एससी/एसटी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।