कानपुर। महाराजपुर थानाक्षेत्र के पुरवामीर-करबिगवां मार्ग पर बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार पिकअप ने मोमोज का ठेला लेकर घर लौट रहे तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ठेला पलट गया और तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की पहचान गौरव सविता, गोलू सविता और सुशील विश्वकर्मा के रूप में हुई। इनमें सुशील की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गौरव फिंगर मोमोज का ठेला लगाता है। हादसे के समय दोनों दोस्त उसके साथ ठेला लेकर घर लौट रहे थे। सड़क पर पड़े घायलों को मोहल्ले के सलीम अहमद ने अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप चालक तेज रफ्तार वाहन चला रहा था। टक्कर मारने के बाद वह मौके से भाग निकला। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)