हरदोई जिले के हरपालपुर कस्बे में स्थित कटियारी डिग्री कालेज परिसर में सदस्यता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व मंत्री सपा नेता आरके चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है। कार्यकर्ताओं के सम्मान पर आंच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा का संघर्षशील कार्यकर्ता कमजोर नहीं हो सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा धर्म और जाति की राजनीति कर समाज को बांटने का काम कर रही है। शोषितों, पिछड़ों और अनुसूचित जाति के लोगों के अधिकारों का हनन करने की नियत से सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है। पूर्व एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा कि सपा के साथ समाज के हर वर्ग का व्यक्ति जुड़ा है। समाज को गुमराह कर कुर्सी हथियाने वालों की चाल ज्यादा दिनों तक न चलने की बात भी उन्होंने कही।
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू ने कहा कि कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटने दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख जगमोहन राजपूत, यदुनंदन लाल वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमल प्रकाश मिश्रा, प्रधान विजय बाबू वाजपेयी, पूर्व प्रधान नागेंद्र मिश्रा, मनोज अग्निहोत्री, जितेंद्र सिंह तोमर आदि मौजूद रहे